लखनऊ के गोमती नगर में प्रॉपर्टी का काम करने वाली एक कंपनी के मालिक ने शिक्षक व उसकी पत्नी को छह महीने में रकम तीन गुना करने का झांसा देकर 61 लाख रुपये का निवेश कराया और रकम हड़प ली। चेक बाउंस होने का उलाहना दिया तो जान से मारने की धमकी दे डाली।
रकम डूबती देख शिक्षक ने केस दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, विशाल खंड निवासी शिक्षक संजय सिंह ने जेनिथ एंड जेनिथ कंपनी के मालिक अजय भारद्वाज व उसकी पत्नी अंजू सिंह पर अपने साथी चंद्रभूषण चंद की मदद से जालसाजी से 61 लाख रुपये हड़पने का केस दर्ज कराया है।
संजय व उनकी पत्नी आशा सिंह का कहना है कि प्रॉपर्टी का काम करने वाली कंपनी के मालिक अजय भारद्वाज ने वर्ष 2014 में कंपनी में निवेश पर छह महीने में रकम तीन गुना करने का झांसा दिया था।
दंपती ने नकदी के साथ चेक व आरटीजीएस से अजय भारद्वाज को जुलाई 2014 तक किस्तों में 61 लाख रुपये दे डाले। उसने दिसंबर में 1.10 करोड़ रुपये देने का वादा किया।