खोराबार फोरलेन पर लगी गोली से घायल नेबूलाल
- फोटो : amar ujala
फोरलेन पर मंगलवार की शाम बदमाशों ने पकड़ने की कोशिश करने वाले बढ़ई को गोली मार दी। वारदात के बाद वह कड़जहां की तरफ फरार हो गए। घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश किया, लेकिन वे भागने में कामयाब रहे। सोमवार की रात फोरलेन पर बदमाशों ने ट्रक लेकर सहजनवां जा रहे बढ़ई के भाई से 1600 रुपये लूटे थे।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के अनुसार गांव के रहने वाले विनोद पासवान ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। गांव का रहने वाला रामप्रवेश उनका ट्रक चलाता है। सोमवार की रात रामप्रवेश ट्रक पर भूसी लेकर गीडा जा रहा था। कोलिया के पास ट्रक खराब हो गया। दो बाइक से पहुंचे चार बदमाशों ने चालक की पिटाई करके 1600 रुपये लूट लिए थे। मंगलवार की शाम चार बजे रामप्रवेश ट्रक लेकर घर लौट रहा था। रामनगर कड़जहां के पास बढ़ई का काम करने वाला उसका छोटा भाई नेबूलाल मिल गया। भैंसहा में पेट्रोल पंप के पास रात में लूट करने वाले बदमाश दिख गए।
ट्रक रोककर भाई के साथ रामप्रवेश ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। दोनों को अपनी तरफ आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। दाएं कंधे के पास गोली लगने से नेबूलाल घायल हो गया। फायरिंग करते हुए बदमाश रामनगर कड़जहां की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद रामप्रवेश भाई को लेकर जगदीशपुर पुलिस चौकी पहुंचा। फिर जिला अस्पताल ले गया जहां से नेबूलाल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
खोराबार पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। नेबूलाल ने बताया कि वह बदमाशों को देखकर पहचान सकता है।