लूट के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
चिलुआताल के सिहोरवा बाजार में बुधवार रात व्यापारी को बंधक बनाकर बदमाशों ने चार दुकानों से नकदी व सामान की लूटपाट की। विरोध करने पर उन्होंने एक व्यापारी को बुरी तरह से पीटा और फिर हाथ-पैर बांधकर खेत में फेंक दिया। तीन दुकानों में लूटपाट करने के बाद बदमाश चौथे दुकान में पहुंचे, मगर इसी दौरान गांव वाले एकत्र होने लगे तो वह फायरिंग करते हुए फरार हो गए। बृहस्पतिवार सुबह डॉग स्कवॉड की टीम के साथ पुलिस पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी।
चिलुआताल प्रतिनिधि के मुताबिक सिहोरवा बाजार में चौराहे पर लालजी की किराने की दुकान है। रात में वह दुकान के पास ही सोए थे। करीब दो बजे चार लुटेरे दुकान का ताला तोड़ने लगे, इसी दौरान आहट पाकर उनकी नींद खुल गई। लालजी ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने रॉड से सिर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनका हाथ-पैर बांध दिया और उन्हें खेत में फेंक दिया। दुकान में कुछ नहीं मिलने पर बदमाशों ने फिर पास स्थित वकील वर्मा की ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़ दिया और 6500 नकदी और डेढ़ लाख के जेवरात लूट लिए।
इसके बाद बगल में स्थित कोल्ड ड्रिंक की दुकान में भी लूटपाट की। सभी बदमाश यहां से चौराहे के दूसरी तरफ अंबिका ज्वेलर्स नाम की दुकान पर पहुंचे और शटर काटकर अंदर रखी तिजोरी खोलने लगे। आवाज सुनकर बगल के घर में सो रहे भगवान दास की नींद खुल गई। बदमाशों को देखकर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया, तभी बदमाशों ने हवा में दो राउंड गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर गांव के कई लोग उस ओर दौड़ पड़े। लोगों को आते देख बदमाश भाग निकले। सुबह चिलुआताल पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्कवॉड के साथ मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई है।