गगहा। सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज में मंगलवार की सुबह जीप से पहुंचे युवकों ने छात्र पर हमला कर दिया। बीच बचाव में कॉलेज का एक कर्मचारी भी घायल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने चार हमलावरों की पिटाई करने के साथ ही जीप समेत पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, हमलावरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने कौड़ीराम पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया।
सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुनील राय का बेटा आनंद कक्षा दस का छात्र है। सुबह 11 बजे जीप से पहुंचे चार युवकों ने आनंद की पिटाई शुरू कर दी। बेटे को बचाने आए सुनील पर भी युवकों ने हमला कर दिया।
हंगामा सुनकर जुटे आसपास के लोगों ने चारों युवकों को पकड़ लिया और पिटाई कर जीप समेत पुलिस के हवाले कर दिया। कौड़ीराम चौकी के सिपाहियों ने सभी के गगहा थाने भेज दिया।
चारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने कौड़ीराम चौकी का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ बांसगांव राधेश्याम राय ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सुनील ने मलाव गांव के रहने वाले सुधीर, पिंटू, डब्लू, गोलू, चिराग और गंगासागर के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ गगहा गिरजेश तिवारी ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।
मलांव, कौड़ीराम के लड़कों में हुआ था विवाद
सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज कौड़ीराम का सेंटर आचार्य हनुमान कुल इंटर कॉलेज धनौड़ा में गया है। परीक्षा के दौरान कौड़ीराम और मलांव गांव के युवकों में विवाद हुआ था। मंगलवार की सुबह इसी विवाद में युवकों ने आनंद के घर पहुंचकर हमला कर दिया।