ज्वैलर्स की दुकान से 17 तोला सोना लेकर नौकर हुआ फरार
जगाधरी खेड़ा बाजार में स्थित बंगाली ज्वैलर्स से नौकर 17 तोले सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। वारदात के समय दुकानदार खाना खाने के लिए घर गया था। पुलिस ने की शिकायत पर आरोपी नौकर के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पश्चिमी बंगाल के जिला मीदनापुर के गांव ब्राह्माण बसान निवासी सुशीर कुमार ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी जगाधरी खेड़ा बाजार में ज्वैलरी की दुकान है और घर जगाधरी में ही है। कुछ दिन पहले ही उन्होंने दुकान पर पश्चिमी बंगाल निवासी तपन दास को नौकर रखा था। सोमवार दोपहर को वह लंच करने के लिए घर चले गए। करीब आधे घंटे के बाद जब वह दुकान पर आए तो दुकान से नौकर तपनदास गायब था। जब उन्होंने दुकान की जांच की तो सेफ में रखे करीब 17 तोले सोने के आभूषण गायब थे। जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपये है। उन्होंने नौकर को फोन किया तो उसका फोन बंद आया।
उन्होंने नौकर की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया। उनका आरोप है कि नौकर ही उनकी दुकान से 17 तोले सोने के आभूषण चोरी करके ले गया है। सुशीर ने इसकी शिकायत शहर जगाधरी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद आरोपी नौकर तपन दास के खिलाफ चोरी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
15 दिन पहले ही रखा था नौकर :
सुशीर कुमार ने बताया कि तपन दास को 15 दिन पहले ही उसने दुकान पर नौकर रखा था। नौकर ने उसे पश्चिम बंगाल का बताकर दुकान पर नौकरी देने का आग्रह किया था। सुशीर कुमार भी पश्चिमी बंगाल के रहने वाले है इसलिए उन्होंने उसे काम पर रख लिया। इतना नही नहीं सुशीर कुमार ने तपनदास को एक मोबाइल भी खरीदकर दिया था।
नौकर व किरायेदार का पूरा पता लेने के है निर्देश :
प्रशासन की ओर से मकान मालिकों व दुकानदारों को कोई भी नौकर या किरायेदार रखने से पूर्व उसका पूरा पता व अन्य डिटेल अपने पास रखने के निर्देश दिए हुए है, लेकिन फिर भी दुकानदार व मकान मालिक इसकी तरफ ध्यान नहीं देते। जिसका खामियाजा उन्हें बाद में भुगतना पड़ता है।
मोबाइल लोकेशन से पकड़ने का प्रयास जारी :
जांच अधिकारी एएसआई तरसेम सिंह का कहना है कि आरोपी नौकर तपस दास के खिलाफ चोरी का मामला दर्जकर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है। आरोपी के पास जो मोबाइल है वह बंद आ रहा है। साइबर सैल के जरिए आरोपी की मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे पकडने का प्रयास किया जा रहा है।