कचहरी लॉकअप में सोमवार की दोपहर बंदियों ने महिला सिपाही और बंदी से छेड़छाड़ कर दी। बीच-बचाव करने गए लॉकअप प्रभारी की भी पिटाई कर दी। घटना के कारण एक घंटे तक लॉकअप के पास अफरातफरी मची रही। फोर्स के साथ पहुंचे एसपी (सिटी), सीओ कैंट ने मामले की जानकारी लेने के बाद आरोपियों पर कैंट थाने में केस दर्ज कराया है।
सोमवार की दोपहर ढाई बजे महिला बंदी को कोर्ट में पेश कराने के बाद सिपाही लेकर कचहरी लॉकअप में पहुंचीं। इसी दौरान गेट के पास लॉकअप में मौजूद अन्य बंदियों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। लॉकअप प्रभारी केशरी कुमार मिश्रा ने विरोध किया तो उनकी पिटाई करने के साथ ही वर्दी फाड़ दी। लॉकअप सुरक्षा में मौजूद सिपाहियों ने बीच-बचाव किया तो हंगामा करने के साथ ही अश्लील हरकत करने लगे। घटना की जानकारी होने पर एसपी (सिटी) हेमराज मीना, सीओ कैंट अभय मिश्रा फोर्स के साथ पहुंचे।
छेड़छाड़ करने वाले बंदियों की पिटाई कराने के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। देर शाम लॉकअप प्रभारी केशरी कुमार मिश्रा ने बंदी खोराबार, लालपुर टीकर के रंजीत सिंह, सहजनवां, सुरगहना के प्रदीप मौर्य, सिकरीगंज, विशंभरा के पंकज यादव, गुलरिहा चरगांवा के प्रदीप पासी और पश्चिम चंपारण, वाल्मिकी नगर के बिट्टू मिश्रा और अज्ञात साथियों पर सरकारी काम में बाधा, मारपीट, महिला सिपाही से छेड़छाड़ करने का केस दर्ज कराया है।
एसपी (सिटी) हेमराज मीना ने बताया कि हंगामा करने वाले बंदियों पर जेल में सख्ती बरतने के लिए जेल प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा।