मेयर डॉ. सत्या पांडेय को जान से मारने और उनके आवास को बम से उड़ाने की धमकी से पुलिस कंट्रेाल रूम में हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम में दोपहर में धमकी भरा फोन आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मेयर के आवास की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही सीओ कोतवाली को जांच का आदेश दिया। मेयर इस समय कोलकाता में हैं। अधिकारियों ने कोलकाता पुलिस से बातचीत कर उनकी सुरक्षा बढ़वा दी है। उधर, पुलिस ने धमकी देने वाले मानसिक रूप से बीमार युवक को देर रात डॉक्टर से बातचीत के बाद छोड़ दिया।
बुधवार की दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में एक युवक ने फोन कर मेयर को जान से मारने और उनके आवास को बम से उड़ाने की धमकी दी। कंट्रोल रूम प्रभारी ने तत्काल इसकी जानकारी एसएसपी अनंत देव को दी। एसएसपी ने सीओ कोतवाली को मामले की जांच करने के साथ ही मेयर के आवास की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया। शाम चार बजे पुलिस ने जांच करने के बाद फोन करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। युवक की पहचान बिछिया, शाहपुर निवासी प्रशांत सिंह बघेल के रूप में हुई है। उसके घरवालों ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है।
मेरी किसी से दुश्मनी नहीं है। पुलिस अधिकारियों के फोन आने के बाद धमकी की जानकारी मिली। पुलिस अधिकारियों ने सतर्क रहने को कहा है।
- डॉ. सत्या पांडेय, मेयर
सड़क न बनने और गंदगी पर किया था फोन
पीटीएस में आरआई राम सिंह बघेल का बेटा प्रशांत सिंह मानसिक रूप से बीमार है। शाहपुर क्षेत्र के डॉ. एसएन मिश्रा के यहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस की पूछताछ में प्रशांत ने बताया कि अखबारों ने मेयर के बारे में पढ़ता था। उसके मोहल्ले में गंदगी और सड़क नहीं है। इसी कारण उसने धमकी दे दी। उधर, डॉ. एसएन मिश्रा ने बताया कि प्रशांत आम तौर पर सामान्य रहता है लेकिन दौरा पड़ने पर वह कुछ भी कर सकता है।