बलिया के रहने वाले युवक दो सगी बहनों के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेज रहे हैं। परिवार के लोगों ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो वे जान से मारने की धमकी देने लगे। लड़कियों के पिता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
बलिया निवासी सरकारी कर्मचारी सिविल लाइंस क्षेत्र में रहते हैं। दो महीने से उनकी बड़ी बेटी के मोबाइल पर एक अनजान युवक अश्लील मैसेज भेज रहा है। परेशान होकर जब उनकी बेटी ने मोबाइल नंबर बदल दिया तो वह दूसरे मोबाइल नंबर पर भी मैसेज भेजने लगा। उसे जब फोन करके ऐसा करने से मना किया गया तो वह बदनाम करने की धमकी देने लगा। यही नहीं, 10 दिन पहले उसने कर्मचारी की छोटी बेटी के मोबाइल पर भी अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर दिया।
छानबीन में पता चला कि ये हरकत बलिया, सिकंदरपुर में रहने वाले युवक कर रहे हैं। लड़कियों के पिता ने जब युवकों के पास फोन किया तो उसने बेटियों को बदनाम करने के साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। कैंट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धमकी देने, अश्लील मैसेज भेजने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सीओ कैंट अभय मिश्रा ने बताया आरोपियों की तलाश चल रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।