थाना क्षेत्र के सुभद्रा इंटर कालेज चकमणिकरा के समीप शुक्रवार की दोपहर कार-बाइक की टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पिटकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया और कार को कब्जे में ले लिया।
थाना क्षेत्र के भाटी गांव निवासी सुधीर (30) अपनी मां देवंती (50) पत्नी घुराराम का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर से इलाज कराकर बाइक से घर जा रहा था। इसी बीच नगरा की ओर से आ रही कार से सुभद्रा इंटर कॉलेज के पास बाइक में जोरदार टक्कर लग गई। आमन-सामने की भीषण टक्कर में बाइक सवार मां-बेटे की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने कार को कब्जे में लेने के साथ कार चालक प्रशांत दीक्षित और उसमें सवार राहुल दीक्षित को पकड़ कर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों की चंगुल से उन्हें बचाया तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद हादसे में मृत मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार-बाइक को कब्जे में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के कोथ ग्राम सभा के रसड़ी गांव के समीप शुक्रवार की सुबह खरीद देवी दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी जीप असंतुलित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस घटना में जीप में सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचाया।
घायलों में रसड़ी गांव निवासी छाया (35) पत्नी संतोष, रेनू (30) पत्नी अरुण कुमार, आरती (50) पत्नी शैलेंद्र राय शामिल हैं। सीएचसी के चिकित्सकों ने छाया की स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
अस्पताल इलाज कराने गए थे आई मौत की सूचना थाना क्षेत्र के भांटी गांव निवासी मां-बेटे की शुक्रवार की दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई।
मां-बेट की मौत की सूचना मिलते ही घर में रूदन-क्रंदन शुरू हो गया। परिवार वाले यहीं कहे जा रहे थे कि अस्पताल इलाज कराने की बात कहकर घर से गए थे, लेकिन फोन पर मौत की सूचना मिली। गांव में जो जहां था, वहीं से घटना स्थल की ओर चल दिया।
थाना क्षेत्र के भांटी गांव निवासी सुधीर अपनी मां देवंती को शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर इलाज के लिए ले गए थे। उसे क्या पता था कि मां को अस्पताल में दिखाने के बाद सकुशल घर वापस नहीं होगी। मा-बेटे की मौत के साथ ही परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा। मृत युवक दो भाइयों में छोटा है।
साथ ही परिवार का कमाऊ सदस्य भी। मृतक की शादी आठ साल पूर्व हुई थी। जिसके दो पुत्र क्रमश: प्रतीक (05), कार्तिक (03) वर्ष का है, जबकि पुत्री रिया सात साल की है। घटना के बाद मृतक की पत्नी बेबी का रोते-रोते बुराहाल है। पत्नी को रोते बिलखते देख ढाढ़स बंधा रहे शुभचितंकाें की आंखें नम हो जा रही थीं। वहीं मृतक के पिता घूरा दिल्ली स्थित निजी कंपनी में काम करते हैं। सूचना मिलने के बाद वह भी दिल्ली से घर के लिए रवाना हो गए हैं।