प्रेमी युगल ने आपत्तिजनक हाल में देख लेने पर बदनामी के डर से वृद्धा की हत्या की थी। उसके घर में वारदात को अंजाम देने के बाद शव को लाकर कुएं में फेंक दिया था। कैंपियरगंज पुलिस आरोपी युवक के साथ ही उसकी प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के अनुसार छह अक्टूबर को बसंतपुर गांव के भइयापुर टोला निवासी शिवमूरत की पत्नी जोखना देवी (65) की लाश गांव के बाहर कुएं में मिली थी। सिर पर रॉड से हमला कर घर में उनकी हत्या की गई थी। बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही थी। गांव के एक युवक पर संदेह होने के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने आई। पूछताछ करने पर उसने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। युवक ने बताया कि पांच अक्टूबर की रात वह अपनी झोपड़ी में बगल के गांव की बनभागलपुर की रहने वाली प्रेमिका के साथ था। इसी दौरान जोखना देवी खेत की तरफ निकली थी। आहट मिलने पर उसने झोपड़ी में आकर टार्च जलाकर हमें आपत्तिजनक हाल में देख लिया था।
हमने वृद्धा से किसी को भी इस मामले की जानकारी न देने की मनुहार की लेकिन वह नहीं मानी। भेद खुलने के डर से रात में ही उनके घर पहुंचकर सिर पर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बाद शव लाकर कुएं में फेंक दिया।