बदमाशों ने सोमवार को कैंट और बड़हलगंज क्षेत्र में लूटपाट कर सनसनी फैला दी। रुस्तमपुर में जहां बैंक से 10 हजार रुपये लेकर घर जा रही महिला का पर्स बदमाशों ने छीन लिया वहीं बड़हलगंज के मधुपर में दिनदहाड़े ग्राहक सेवा केंद्र के मुनीम पर तमंचा तानकर कैश बाक्स में रखे रुपये लेकर वे फरार हो गए। पुलिस दोनों मामलों की छानबीन कर रही है।
सुबह 11 बजे प्रिया दूबे नाम की महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर लूट की सूचना दी। महिला ने बताया कि वह एसबीआई से 10 हजार रुपये निकालकर घर जा रही थी। बैंक के पास ही बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। वारदात के बाद वे ट्रांसपोर्टर नगर की तरफ भाग निकले।
कैंट पुलिस ने प्रिया के मोबाइल पर फोन किया तो उन्होंने शास्त्री चौक पहुंचने की जानकारी दी। पुलिस ने उनका इंतजार किया लेकिन वह नर्हीं आइं। कुछ देर बाद उनका मोबाइल भी बंद हो गया। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है।
उधर, पूर्व प्रधान रवींद्र यादव के मधुपुर चौराहे पर स्थित इलाहाबाद के ग्राहक सेवा केंद्र में सोमवार की दोपहर तीन बजे उनका बेटा और कैशियर बैठे थे। एक बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने तमंचा तानकर कैश बाक्स में रखे 12,600 रुपये निकाल लिए। वारदात के बाद बदमाश मदनपुर की तरफ फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों के बारे में छानबीन की लेकिन वे मिले नहीं।
तरकुलहा मंदिर में उड़ा दी महिला की चेन
तरकुलहा मंदिर में सोमवार की दोपहर बेटे उदय के साथ पूजा करने आईं महिला शारदा देवी की चेन उचक्के ने उड़ा दी। दीवान बाजार की रहने वाली महिला रिश्तेदार के बच्चे के मुंडन में आई थी। सूचना पर पहुंची चौरीचौरा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।