कुसम्ही जंगल में बृहस्पतिवार दोपहर पूछताछ के बहाने मामा-भांजी को रोककर बाइक सवार बदमाशों ने रुपये, मोबाइल और गहने लूट लिए। खुद को सिपाही बताने वाले बदमाश दोनों को प्रेमी युगल समझ अर्दब में लेेने की कोशिश कर रहे थे। बात न बनने पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित ने खोराबार पुलिस को तहरीर दी है।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के अनुसार पिपराइच के चकदहा की रहने वाली सोनम का ननिहाल कुशीनगर, अहिरौली के बघवार में है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने मामा सुनील के साथ बुढ़िया माई मंदिर आई थी। दर्शन करने के बाद दोनों टेंपों पकड़ने पैदल ही मेन रोड पर आ रहे थे। इसी बीच सामने से आए बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। खुद को सिपाही बताने वाला युवक उन्हें प्रेमी युगल समझकर तलाशी लेने लगा।
विरोध करने पर जंगल में घूमने का कारण पूछने के साथ ही अर्दब में लेने लगा। सुनील ने इसका विरोध किया तो दोनों बदमाश पिटाई कर उसका मोबाइल, जेब में रखे तीन हजार रुपये और सोनम के कान की बाली छीनकर भाग निकले। घटना के बाद सुनील ने शोर मचाते हुए बुढ़िया माई मंदिर पहुंच दुकानदारों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलने के बाद पहुंची खोराबार पुलिस को दोनों ने बदमाशों का हुलिया बताने के साथ ही तहरीर दी। एसओ खोराबार राकेश यादव ने बताया मामले की छानबीन चल रही है।
39 हजार रुपये ले भागे बदमाश
बेलघाट के मुंडेरा में बृहस्पतिवार दोपहर साइकिल में टंगा रुपये भरा बैग बदमाश लेकर फरार हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बेलघाट प्रतिनिधि के अनुसार संतकबीरनगर, धनघटा के मनिकापुर निवासी रामप्रीत बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे पीएनबी की कुरीबाजार शाखा आए थे। खाते से 40 हजार रुपये निकालने के बाद एक हजार पर्स में रखे, शेष 39 हजार बैग में रखकर साइकिल से घर जा रहे थे।
मुंडेरा बाजार मोड़ पर रामप्रीत लघुशंका करने सड़क किनारे चले गए। इसी बीच पीछे से बाइक सवार दो बदमाश साइकिल के हैंडल में टंगा बैग लेकर संतकबीरनगर की तरफ भाग निकले। यह देख रामप्रीत ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश कुछ देर में ही आंखों से ओझल गए। घटना की जानकारी फोन से उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के साथ ही बेलघाट पुलिस को दी। एसओ आशुतोष सिंह ने बताया मामले की छानबीन चल रही है।