झंगहा के हरैया गांव, नौवा टोले में सोमवार तड़के पति ने पड़ोसी से अवैध संबंध के शक में पत्नी को फावड़े से काट डाला। बच्चों के सामने ही हत्या करने के बाद उसने खुद ही कंट्रोल रूम फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झंगहा प्रतिनिधि के मुताबिक हरैया गांव के प्रजा निषाद अपनी पत्नी कुमारी देवी (41) के चरित्र पर संदेह करता था। सोमवार सुबह तीन बजे के करीब पत्नी के आने पर उससे कहासुनी हो गई, जिसके बाद घर में रखे फावड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया। प्रहार इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौत के बाद प्रजा ने खुद ही कंट्रोल रूम फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बताया जाता है कि पति को पत्नी के चरित्र पर शक था और आए दिन इसे लेकर दोनों में कहासुनी होती थी। सोमवार सुबह तीन बजे भी पत्नी कहीं से आई तो कहासुनी हो गई, जिसके बाद पति ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के भतीजे की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, मृतक की बेटी शिल्पा (18), अंजुला और बलिराम ने भी घटना की गवाही दी है।
‘मेरी पत्नी के चरित्र ठीक नहीं थे’
पुलिस हिरासत में प्रजा निषाद ने बताया कि पत्नी का पड़ोस के ही एक शख्स से अवैध संबंध था। इसकी जानकारी होने के बाद उसने पत्नी को चेतावनी दी थी और कहा था कि यदि मेरे साथ नहीं रहना है तो चली जाओ। रविवार रात वह मेरे पास ही सोई थी, मगर तड़के आंखें खुलीं तो वह नहीं थी। तीन बजे लौटी तो मैंने पूछा, मगर उसने कुछ नहीं बताया, जिससे नाराज होकर मैंने उसकी हत्या कर दी।