मसाला पैकिंग की स्पेशल मशीन देने का झांसा देकर पिता-पुत्र ने कंपनी मालिक से 12.15 लाख रुपये हड़प लिए। सामान के लिए तगादा करने पर वह जान से मारने की धमकी देने लगे। कंपनी मालिक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली के रहने वाले जालसाजों पर केस दर्ज किया है।
चेतना स्पाइसी इंडिया प्रा. लि. के मालिक आरसी गुप्ता से चार महीने पहले शाहमारूफ स्थित आफिस पर दिल्ली के रहने वाले सरदार गगन सिंह और परमजीत सिंह मिले थे। खुद को गोविंद मशीनरी वर्क्स का मालिक बताते हुए मसाला पैकिंग के लिए स्पेशल मशीन बनाने की बात कही। उन्होंने अपने लैपटॉप में आधुनिक मशीनों से जुड़ी जानकारियां भी साझा की। विश्वास में लेकर 15 लाख रुपये में मशीन देने का भरोसा दिया।
जनवरी से लेकर मई छह बार में परमजीत और गगन सिंह आरसी गुप्ता से 12.15 लाख रुपये ले चुके हैं, लेकिन मशीन नहीं भेजी। छानबीन करने पर पता चला कि ऐसी कोई कंपनी ही नहीं है। शनिवार को डीआईजी से मुलाकात कर मामले की जानकारी देते हुए उन्होंने कार्रवाई का आग्रह किया। डीआईजी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने परमजीत सिंह और गगन सिंह पर जालसाजी करके रुपये हड़पने का केस दर्ज किया है।
जालसाजों ने खाते से 15 हजार रुपये निकाले
महिला के खाते से जालसाज ने 15 हजार रुपये निकालकर आन लाइन शॉपिंग कर ली। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद पीड़ित ने खोराबार थाने पहुंच तहरीर दी। आईटी एक्ट का केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। खोराबार, मिर्जापुर की रहने वाली राजकुमारी का भारतीय स्टेट बैंक की बेतियाहाता शाखा में खाता है। दो जून की दोपहर उनके खाते से तीन बार में पांच - पांच हजार रुपये की निकासी करके आन लाइन शॉपिंग कर ली गई। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्होंने खाता ब्लाक कराने के साथ ही मामले की जानकारी खोराबार थाने पहुंचकर दी। शुक्रवार को खोराबार पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया।