चिलुआताल में ठगी की शिकार हुई सरिता।
- फोटो : Rajesh Kumar
चिलुआताल इलाके में एक पति को थाने से छुड़ाने के नाम पर ठगी हो गई। ठग ने पीड़ित महिला को झांसा देकर जेवर साथ में लेकर चलने को कहा। आधे रास्ते में बाइक से धकेलकर जेवर लेकर फरार हो गया। वहीं घटना में घायल महिला को उपचार के लिए एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। महिला घटना के बाद से ही बदहवास हो गई है।
चिलुआताल क्षेत्र के ग्राम परमेश्वरपुर के नवापार टोला के रामनवमी का जमीन को लेकर विवाद हो गया। झगड़े के बाद पुलिस ने रामनवमी को हिरासत में ले लिया। सोमवार को रात होने की वजह से उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया। घर के कुछ दूरी पर ही रामनवमी का बेटा पढ़ता है। मंगलवार दोपहर ढाई बजे के करीब बच्चा घर आ रहा था तो ठग ने उसे रास्ते में रोक लिया और चंद दूरी पर ले जाकर छोड़ दिया। उसने बच्चे से वहीं इंतजार करने को कहा।
इसके बाद वह रामनवनी के घर गया और उसकी पत्नी सरिता से बोला कि तुम्हारे पति को जेल भेजने की तैयारी हो रही है। कई धाराओं में मुकदमे हैं, जल्दी रुपये लेकर चलो। उसने डेढ़ लाख घर में न होने की बात कही तो उसने जेवर लेकर चलने को कहा। पत्नी ठग के झांसे में आ गई और उसके साथ बाइक से जेवर लेकर चल पड़ी। विशुनपुरा ताल के पास उसने सरिता को बाइक से धकेल दिया और हाथ से जेवर लेकर फरार हो गया। सरिता ने इसकी सूचना देवर को दी, जिसके बाद देवर ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।