जमीन बेचने का झांसा देकर दंपति ने महिला के एक करोड़, नौ लाख रुपये हड़प लिए। साढ़े तीन महीने पहले रुपये देेने के बाद महिला जब जमीन की रजिस्ट्री कराने आफिस गई लेकिन खतौनी में नाम सही न होने के कारण लौटना पड़ा। दंपति ने नाम सही कराने के लिए एसडीएम कोर्ट में लंबित मामले की पैरवी करने के लिए महिला को पॉवर आफ अटार्नी दे दिया लेकिन बाद में मुकदमा वापस ले लिया।
झंगहा, मीठावेल के रहने वाले रंग दुबे ने महादेव झारखंडी में स्थित चार एकड़ जमीन के लिए भू स्वामी बक्शीपुर के रहने वाले शशि कुमार और उनकी पत्नी से सुमन से 85 लाख रुपये में बिक्री के लिए बातचीत की थी। 16 मार्च 2016 को पत्नी अनीता के नाम से रंग दुबे जमीन की रजिस्ट्री कराने रजिस्ट्र्रार के सामने पहुंचे तो खतौनी में नाम सही न होने की बात कह उन्होंने लौटा दिया। अनीता का आरोप है कि शशि कुमार को 85 लाख रुपये देने के साथ ही रजिस्ट्री के लिए 24 लाख रुपये का स्टांप लिया था। रजिस्ट्री रुकने के बाद रुपये के साथ ही स्टैंप शशि कुमार के पास थे।
खतौनी में नाम चढ़ाने के लिए शशि ने एसडीएम सदर के यहां लंबित मुकदमे की पैरवी का पॉवर ऑफ अटार्नी अनीता दुबे के परिचित श्रीप्रकाश तिवारी को दे दिया। आरोप है कि 26 जून 2016 को उन्होंने मुकदमे की पैरवी के लिए दूसरे अधिवक्ता को नामित करने के साथ ही मुकदमा वापस लेने का प्रार्थना पत्र एसडीएम कोर्ट में दे दिया। घटना की जानकारी के बाद अनीता ने कैंट थाने पहुंच शशि और उनकी पत्नी पर जालसाजी कर 85 लाख रुपये और 24 लाख रुपये के स्टांप पेपर हड़पने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। दंपति पर जालसाजी कर रुपये हड़पने का केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।