कैंपियरगंज के महावनखोर में मंगलवार दोपहर एक कार सामने से आ रही ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार इंजीनियर और चालक गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी के बाद घर में कोहराम मच गया।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के अनुसार तारामंडल, कैलाशपुर के रहने वाले रामनरेश (48) उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन विभाग में जूनियर इंजीनियर थे। सोनौली हाइवे पर चल रहे निर्माण कार्य में एक साइट की जिम्मेदारी उनके पास थी। उसे देखने के लिए मंगलवार की सुबह बांसगांव के अमवा उर्फ कपरपुरवा के विनोद यादव को घर बुलाया था। दोनों ही सुबह 10 बजे के करीब घर से निकल गए थे। दोपहर एक बजे के करीब दोनों गोरखपुर लौट रहे थे। मगर महावनखोर के पास ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। इस हादसे में कार के परखचे उड़ गए।
मौके पर जुटे गांव वालों ने पुलिस की मदद से रामनरेश और विनोद को कार से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे लेने के साथ ही चालक को भी हिरासत में ले लिया है।