खोराबार में बृहस्पतिवार की भोर में फोरलेन पर चार गाड़ियां आपस में टकरा गई। हादसे में बस्ती से सामान लेकर आ रहे पिकअप के चालक और खलासी घायल हो गए। हादसा कोहरे के कारण हुआ।
बुधवार को लखनऊ से कार लेकर कुशीनगर जा रहा ट्रेलर फोरलेन बाईपास पर बहरामपुर गांव के सामने खराब हो गया। बृहस्पतिवार की भोर में पांच बजे के करीब बस्ती से सामान लेकर कुशीनगर जा रहा पिकअप चालक ने ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस्ती, बनकटी के रहने वाला चालक अब्दुल करीम (25), खलासी सलाम (35) घायल हो गए। इसी बीच पीछे से पहुंचे कार और ट्रक ने भी पिकअप में टक्कर मार दी।
स्पीड कम होने के कारण कार और ट्रक में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। कार और ट्रक चालक पुलिस को सूचना दिए बिना ही गाड़ी लेकर चले गए। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा सूचना उनके परिवार के लोगों को दी।