कांधला। किवाना गांव के जंगल में तेंदुआ आने का शोर मचने पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। घेराबंदी करने पर बिल्ली कुएं में गिर गई और दहशत में दम तोड़ दिया।
बुधवार रात करीब 11 बजे गांव किवाना निवासी ओमपाल अपने खेत पर फसल की सिंचाई के लिए गया था। ट्यूबवेल के पास ओमपाल ने तेंदुए जैसा जानवर देखा और ग्रामीणों को सूचना दे दी। तेंदुए की सूचना पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद सैकड़ों ग्रामीण मौके की तरफ दौड़ पडे़ । वहां पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी करने लगे। ग्रामीणों ने मामले की सूचना जिलाधिकारी को दी, जिसके चलते रात में ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिस खेत में तेंदुए जैसा जानवर देखना बताया था, उसे घेर लिया गया।
वन विभाग से वनरक्षक वेदपाल ने बताया कि घेराबंदी के दौरान उक्त जानवर कुएं में जा गिरा था और जब इसको कुएं से बहार निकाला। तब वह बेहोश था। उसे शामली स्थित पशु चिकित्सालय लाया गया, जिसके बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सामाजिक वन प्रभारी निदेशक ओपी अंबष्ट का कहना है कि जानवर जंगली बिल्ली थी। घेराबंदी होने पर घबराहट के कारण हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद उसको दफना दिया गया।