सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर चौरीचौरा तहसील दिवस में पहुंचे बसपा विधायक जय प्रकाश निषाद की डीएम ओएन सिंह से झड़प हो गई। विधायक ने तहसील दिवस में अभिवादन न होने को मुद्दा बनाते हुए इसे प्रोटोकॉल की अनदेखी बताया। तीखे तेवर दिखाते हुए शिकायत विधानसभा में रखने की बात कही।
डीएम ने पहले उन्हें समझाने की कोशिश की। नोकझोंक जारी रहने पर डीएम बोले, ‘मुझे प्रोटोकाल मत सिखाईए’। माहौल बिगड़ता देख कुछ और अफसरों ने दखल दिया। विधायक को समझाने की कोशिश की। उनके शांत हो जाने के बाद डीएम ने एसडीएम के दफ्तर में विधायक से बताई गई समस्या पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को बुलाकर सड़कों की मरम्मत नहीं होने की वजह पूछी। इस पर सहायक अभियंता ने फंड स्वीकृत न होने की दिक्कत बताई।
यह भी कहा कि खराब मौसम के कारण भी सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। डीएम के कहने पर सहायक अभियंता ने विभाग के अफसरों से बात करके जल्द काम शुरू कराने का भरोसा भी दिया।