भारतीय बाजार में प्रतिबंधित चीन के सेब के 129 कार्टन कस्टम विभाग की टीम ने पकड़े हैं। नेपाल से लाए जा रहे इस सेब को ककराहवा से बांसी मंडी में खपाने की योजना थी।
कस्टम इंस्पेक्टर सतपाल व आसिफ की देखरेख विभागीय टीम ने एक सूचना के आधार पर सिद्धार्थनगर में नौगढ़ के पास छापामार अंदाज में कार्रवाई कर एक गाड़ी में भरे सेब के इस स्टॉक को पकड़ लिया।
टीम के मुताबिक 129 कार्टन में भरे सेब का वजन 1290 किलोग्राम है। सोनौली में केंद्रीय कृषि विभाग की पादप संरक्षण टीम से जांच कराने पर सेब के चाइनीज होने की पुष्टि के बाद इसे नष्ट कर दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक काफी पतले छिलके वाले इस सेब में भारतीय सेब से फर्क करना काफी मुश्किल होता है। पैदावार के समय केमिकल व दवाओं के इस्तेमाल के कारण यह स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है।