सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरदत्तपुर गांव में ससुरालियों ने दहेज के लिए महिला को जलाकर मार डाला। अभी तीन महीने पहले ही पंचायत के बाद महिला को ससुराल भेजा गया था। इधर, उत्पीड़न बढ़ने के बाद मायके वाले उसे बुधवार को लेकर जाने वाले थे।
पहले तय हुआ था कि वे मंगलवार को ही बेटी को ले जाएंगे मगर पंचायत कराने वाले पूर्व प्रधान ने उन्हें बुधवार को बुलाया था। इसके पहले कि घर वाले आते, ससुराल के लोग महिला को मारकर फरार हो गए। पुलिस ने महिला की मां ज्ञानमति की तहरीर पर पूर्व प्रधान, पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
सिकरीगंज प्रतिनिधि के मुताबिक बेलघाट थाना क्षेत्र के शाहपुर बेलाव गांव निवासी बालेंद्र चौहान की बेटी सुमन की शादी हरदत्तपुर गांव निवासी अमरनाथ के बेटे श्रवण कुमार से दो साल पहले हुई थी। दोनों का आठ महीने का बेटा भी है। आरोप है कि सुमन को पति और सास-ससुर दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने पर प्रताड़ित कर रहे थे। तीन माह पूर्व सुमन को बिना बच्च के घर से निकाल दिया गया था।
इसके बाद चाचा रवींद्र चौहान और मां ने सिकरीगंज थाने पर शिकायत की। इस पर पुलिस ने बच्चे को मां के सुपुर्द कर दिया था। चार दिन बाद हरदत्तपुर गांव के पूर्व प्रधान रामवृक्ष यादव ने पंचायत बुलाकर सुमन को वापस ससुराल पहुंचवाया, मगर इसके बाद भी सुमन का उत्पीड़न नहीं रुका।
सुमन की शिकायत पर चाचा व मां ने पूर्व प्रधान से 23 मई को फोन पर बात कर 24 को विदाई कराने की बात की परंतु पूर्व प्रधान ने उन्हें 25 मई की शाम को बुलाया। इसी बीच उसे जलाकर मार डाला गया। कमरे में सुमन जली पड़ी थी और घर वाले फरार थे।