सांसद कमलेश पासवान के इंटर कॉलेज में घुसकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिव्यांग शिक्षक राकेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। चिलुआताल इलाके के कॉलेज में प्रार्थना से पहले हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई। जब तक शिक्षक और अन्य कर्मचारी कुछ समझ पाते, बदमाश फरार हो गए। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के मुताबिक डॉ. भीमराव अंबेडकर कन्या इंटर कॉलेज सांसद कमलेश पासवान का है। सांसद की मां और पूर्व सांसद सुभावती पासवान इस कॉलेज की प्रबंधक हैं। यहां करीब नौ साल से बुढ़ियाबारी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक उदय सिंह के 35 वर्षीय दिव्यांग पुत्र राकेश सिंह यहां समाजशास्त्र के शिक्षक थे। वह जूनियर वर्ग में विज्ञान भी पढ़ाते थे। शुक्रवार को वह अपनी स्कूटर से कॉलेज पहुंचे। सुबह सवा नौ बजे के करीब उन्होंने चपरासी इसरावती को किसी काम के लिए बुलाया।
इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। मुंह ढके दो युवक कॉलेज में दाखिल हुए और सीधे शिक्षक राकेश के पास पहुंच गए। अभी वह कुछ समझ पाते, इससे पहले एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक बाहर खड़े तीसरे साथी के साथ फरार हो गए। घायल राकेश को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाते ही डीआईजी शिवसागर सिंह, एसएसपी रामलाल वर्मा, एसपी सिटी हेमराज मीणा मयफोर्स मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कॉलेज में लोगों से इस बाबत पूछताछ भी की।
सख्त मिजाज माने जाते थे राकेश
गोरखपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर कन्या इंटर कॉलेज के साथी शिक्षक और कर्मचारियों ने बताया कि राकेश सिंह सख्त मिजाज शिक्षक थे। वह समय से कॉलेज आते थे और इसे लेकर हमेशा सतर्क भी रहते थे। कॉलेज के माहौल और समय की पाबंदी को लेकर वह अक्सर टोकाटाकी भी किया करते थे।
एसएसपी ने जीप चालक को किया लाइनहाजिर
वारदात के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी रामलाल वर्मा वायरलेस पर थानेदार से बात करना चाहते थे पर उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने जब इसकी वजह पूछी तो उन्हें बताया गया कि जीप का वायरलेस खराब है पर जांच में वायरलेस सही पाया गया। इसके बाद उन्होंने थानेदार के ड्राइवर राज किशोर सिंह को लाइनहाजिर कर दिया।