चौरीचौरा क्षेत्र के बिलारी गांव में शाहरुख खान की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई। शव कंबल से ढका था। शव पाए जाने की सूचना पर पुलिस पहुंची तो थोड़ी देर बाद ही पिपराइच के चिलबिलवा गांव के पास लावारिस कार बरामद हो गई। शाहरुख कार चालक था। पुलिस के सूचना पर पहुंचे कार मालिक ने शाहरुख की शिनाख्त कर ली, जिसके बाद उसके घरवालों को सूचना दी गई। कार में खून पाए जाने से आशंका व्यक्त की जा रही है कि हत्या कार में करने के बाद शव को चौरीचौरा क्षेत्र में लाकर फेंका गया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार मूलरूप से महराजगंज, परतावल क्षेत्र के छपिया गांव के जैनुद्दीन का बेटा शाहरुख (22) रुस्तमपुर निवासी रामचरण सिंह चौधरी की कार चलाता था। शुक्रवार की सुबह उसकी गला रेतकर हत्या कर फेंकी गई लाश बिलारी गांव में मिली। सुबह नित्यकर्म को निकले ग्रामीणों ने शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो थोड़ी देर बाद ही एक कार लावारिस हाल में पिपराइच क्षेत्र में मिल गई। कार नंबर के आधार पर पुलिस ने मालिक से संपर्क कर बुलाया, जिसके बाद युवक की पहचान हो गई। शव के पास एक पैर का जूता पड़ा था, दूसरा जूता कार में मिला है। मालिक से पूछताछ में सामने आया है कि शाहरुख गुरुवार की शाम को कार लेकर निकला था। हत्या का केस दर्ज कर पुलिस गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
बुकिंग पर कार ले जाता था शाहरुख
बुकिंग कर शाहरुख कार ले जाता था। कार मालिक रामचरण सिंह चौधरी ने बताया कि गुरुवार की शाम को कार लेकर निकला था। फरेंदा में 1700 रुपये में कार बुक होने की बात कही थी। दो महीने पहले ही उन्होंने शाहरुख को नौकरी पर रखा था।
एक साल पहले किया था प्रेम विवाह
शाहरुख की नानी का घर पिपराइच इलाके में है। वहीं पर शादीशुदा शायराबानों से एक साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से ही वह नंदानगर में किराए के मकान में पत्नी और तीन साल की बच्ची के साथ रहता था। उसकी पत्नी गर्भवती है।