पीपीगंज में एक लाख पाने के लालच में व्यापारी के कर्मचारी ने मालिक के 55 हजार रुपये गंवा दिए। गड्डीबाजों ने चोरी की रकम का हवाला देते हुए डेढ़ लाख रुपये के बदले में महज 55 हजार की मांग की। कर्मचारी जालसाजों की बातों में आ गया और चाय की दुकान पर जाकर उसने बैंक में जमा करने को लाई रकम उनको दे दी। बदले में रुमाल में लपेटे मिली कागज की गड्डी लेकर चला आया। बैंक आने पर उसने रुमाल खोला तो उसके होश उड़ गए। फिर इसकी सूचना मालिक को दी। सूचना के बाद पहुंचे मालिक ने बैंक मैनेजर से बात की मगर पुलिस को सूचना नहीं दी है।
वार्ड नंबर दो निवासी आकाश कुमार सौदर्य प्रसाधन के थोक व्यापारी के यहां कर्मचारी है। बृहस्पतिवार को वह पीएनबी में व्यापारी के 55 हजार रुपये जमा करने गया था। बैंक में ही उससे दो युवक मिले और उससे बताया कि चोरी के डेढ़ लाख रुपये मेरे पास है। यदि 55 हजार दे दो और मालिक के खाते में जमा कर निकाल लेना। उसके बहकावे में आकर आकाश बैंक से बाहर चला गया और पास के चाय के दुकान पर दोनों पहुंच गए।
वहां पर रुमाल में लपेटी गड्डी को दोनों युवकों ने डेढ़ लाख बताकर आकाश को दे दिया और बदले में 55 हजार लेकर चंपत हो गए। बाद में रुमाल खोलने पर कागज गड्डी मिली तो आकाश को ठगे जाने का पता चला। मालिक कर्मचारी पर रुपये का इंतजाम करने का दबाव बनाते हुए पुलिस को सूचना नहीं दी है। बैंक मैनेजर ने बताया कि जानकारी हुई है, जांच की जा रही है।