बड़हलगंज में रेप के प्रयास और धमकी से क्षुब्ध होकर खुद को आग लगाने वाली किशोरी की हालत स्थित बनी हुई है। उधर, पुलिस ने इस मामले के तीसरे नामजद आरोपी अमित को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक और शख्स को हिरासत में लिया है। जांच में पता चला है कि घटना के समय चौथा युवक भी वहां पर मौजूद था।
घटना बुधवार की सुबह हुई थी। आरोप के मुताबिक शौच के लिए निकली किशोरी के साथ तीन युवकों ने रेप की कोशिश की। इसकी शिकायत करने पर पीड़ित पक्ष को धमकी मिलने से आहत किशोरी ने खुद को आग लगा ली थी। मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की मां की तहरीर पर राहुल, अर्जुन, अमित के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद एक और युवक का नाम सामने आया है। पुलिस चौथे युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गांव में किशोरी के साथ रेप किए जाने की भी चर्चा होने लगी है। पुलिस इसकी भी जांच शुरू कर दी है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। एक और शख्स का नाम सामने आने पर उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।