गुलरिहा क्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज स्थित अनाथालय के दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे की खिड़की का सरिया काटकर चार किशोर फरार हो गए। घटना 22 और 31 अक्टूबर के रात की है लेकिन पुलिस और जिला प्रोबेशन अधिकारी को शुक्रवार की देर सूचना दी गई है। अब जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह ने अनाथालय का संचालन करने वाली संस्था पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति को नोटिस भेजा है। कहा है कि निदेशक महिला कल्याण से समिति को काली सूची में डालने की सिफारिश की जाएगी।
गुलरिहा क्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज में कैथोलिक धर्मप्रांत ने अनाथालय खोला है। इसमें अनाथ किशोरों को रखा जाता है। रहने के साथ खाने-पीने से लेकर पढ़ाई तक की जिम्मेदारी संस्था उठाती है। इसकी मॉनीटरिंग बाल कल्याण समिति गोरखपुर की ओर से की जाती है। अनाथालय से भागे चारों किशोर की लगभग 15 वर्ष है। छह महीने पहले ऑपरेशन मुस्कान के तहत उन्हें यहां लगा गया था। इनमें एक को रीड साहब धर्मशाला में एक दुकान से मुक्त कराया गया था। दो को गोरखपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया था। यह स्टेशन से पानी की बोतल एकत्र करता था और व्हाइटनर सूंघता था। चौथे को दिल्ली स्टेशन से पकड़ कर पुलिस ने सौंपा था। गुलरिहा इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि अनाथालय की ओर से सूचना आने के बाद से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बच्चों की तलाश कर रही है।
बाल कल्याण समिति ने किया निरीक्षण
बाल कल्याण समिति ने शनिवार को अनाथालय का निरीक्षण किया। साथ ही रिपोर्ट बनाकर जिला प्रोबेशन अधिकारी को दी। इसमें पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति पर लापरवाही का आरोप है। कहा गया कि अनाथालय से किशोरों के भागने की जानकारी छुपाई गई। यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। मामले की सूचना लखनऊ स्थित निदेशक महिला कल्याण को दी गई है।