गोरखपुर।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज कांड के आरोपी डॉ. सतीश के कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी पर कोर्ट से रिपोर्ट मांगे जाने में लापरवाही बरतने वाले थानेदार अश्वनी राय की थानेदारी गंवानी पड़ी। कोर्ट से नोटिस जारी होने पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने थानेदार को हटा दिया है। उनकी जगह पर अभी नई तैनाती नहीं की गई है।
बता दें कि डॉ. सतीश कुमार ने कोर्ट में हाजिर होने के लिए अधिवक्ता के जरिए अर्जी दी थी। इस पर कोर्ट की ओर से गुलरिहा थानेदार से रिपोर्ट मांगी गई थी, मगर पैरोकार कोर्ट से कागज लेकर नहीं गए थे जिस वजह से डॉ. सतीश कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं कर सके। कोर्ट ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए थानेदार और पैरोकार से जवाब मांगा था। मामला एसएसपी के संज्ञान में आते ही उन्होंने थानेदार को हटा दिया। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि लापरवाही के आरोप में थानेदार को हटाया गया है। जल्द ही उनकी जगह नई तैनाती कर दी जाएगी।