गोरखपुर। युवती से दोस्ती कर फेसबुक पर आपत्तिजनक फोटो टैग कर ब्लैकमेल करने वाले शोहदे के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। कुशीनगर के रहने वाले युवक को पुलिस क्राइम ब्रांच की मदद से तलाश कर रही है।
कुशीनगर के राहुल सिंह ने कुछ दिनों पूर्व सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली युवती के मोबाइल पर फोन किया। युवती ने घरवालों को इसकी जानकारी नहीं दी। इसके बाद दोनों में लगातार बातचीत होने लगी। इसी बीच युवती से उसने उसका फेसबुक आईडी और पासवर्ड ले लिया और खुद ही चलाने लगा। आरोप है कि राहुल आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने लगा। बात न मानने पर कुछ दिन पहले फोटो शॉप का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक तस्वीर बना फेसबुक पर टैग कर दी। दोस्तों के बताने पर युवती ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी। उन्होंने राहुल को समझाने की कोशिश की तो वह धमकी देने लगा। परेशान घरवालों ने कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। कैंट इंस्पेक्टर ओमहरि वाजपेयी ने बताया केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।