गोरखपुर। गोला इलाके में रिश्ते को शर्मनाक करने वाली घटना सामने आई है। बृहस्पतिवार की देर शाम नाबालिग चचेरे भाई ने छह साल की बच्ची के साथ बलात्कार कर सनसनी फैला दी। बच्ची के शोर मचाने पर पहुंचे घरवालों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ बलात्कार, पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
गोला क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम छह साल की बच्ची खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान वहां पहुंचे चचेरे भाई ने उसे अकेला पाकर हैवानियत की। बच्ची के शोर मचाने पर पड़ोस में गए घर वाले पहुंचे तो बच्ची खून से लथपथ थी। इसी बीच आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। आरोपी को घर वालों ने पकड़ लिया और फिर पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर गोला प्रदीप शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।