पुलवामा के आतंकी हमले में हुए थे घायल, स्वस्थ होकर लौटे(
- फोटो : amar ujala
भटहट (गोरखपुर)। पुलवामा में हुए आतंकी हमले में घायल सीआरपीएफ जवान अवधेश (30) स्वस्थ होने के बाद बुधवार को अपने गांव आबादी सखनी पहुंचे। भाजपा नेताओं व गांववालों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और भारत माता की जय के नारे लगाए। कल गुरुवार को अवधेश की बेटी ज्योति का जन्मदिन है। वह दो साल की हो रही है। दोहरी खुशी से घर में खुशनुमा माहौल है।
गांव पहुंचते ही सभी लोग अवधेश को घेरकर बैठ गए। उससे पुलवामा हमले के बारे में पूछा। अवधेश ने बताया कि 14 फरवरी को 78 बसों के काफिले में ढाई हजार सीआरपीएफ जवान श्रीनगर जा रहे थे। मेरे पीछे चल रही छठे नंबर की बस में एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे जबरदस्त धमाका हुआ और उस बस के परखचे उड़ गए। उसका मलवा मेरी बस पर भी गिरा, जिसमेें मेरे समेत तीन घायल हो गए। विस्फोट होते ही फोर्स ने मोर्चा संभाल लिया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रयागराज में हुई थी पहली तैनाती
तीन भाइयों में अवधेश दूसरे नंबर के हैं। सन 2016 में जम्मू में तैनाती की गई। उसी साल अवधेश की जंगल कौड़िया में संध्या से शादी हुई है। उनकी एक पुत्री ज्योति है। अवधेश के मुताबिक पुलवामा में देवरिया के शहीद विजय कुमार मौर्या उनके मित्र थे और उनकी शादी में सखनी गांव आए थे।