मड़ियाहूं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मड़ियाहूं -मछलीशहर मार्ग पर रामपुर निस्फी गांव के पास बुधवार की दोपहर दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बड़ेरी गांव निवासी राजकुमार (22) बाइक से मडियाहूं से घर जा रहा था। वह रामपुर निस्फी गांव के पास पहुंचा था तभी सामने से आ रहे बाइक सवार से टक्कर हो गई। जिसमें राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक बाइक समेत मौके से फरार हो गया। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।