बड़हलगंज में महिला को झांसा देकर जालसाज ने उसके खाते से 3.50 लाख रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी पीड़ित को 13 दिन बाद हुई। शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने बैंक से सीसीटीवी फुटेज लेकर जालसाज की पहचान तो कर ली लेकिन मुकदमा दर्ज न होने के कारण कार्रवाई से इंकार कर दिया।
बड़हलगंज, भैंसौली के रहने वालीं तारामती यादव के पति बैंकाक में रहते हैं। कुछ दिन पहले वह कोलकाता आए और पत्नी के खाते में 3.50 लाख रुपये होने की जानकारी दी। 15 मार्च की दोपहर दो बजे तारामती रुपये निकालने बड़हलगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पहुंची। लाइन में पीछे लगे युवक से उन्होंने मदद मांगी। रुपये न निकलने की बात कह कार्ड तारामति को लौटा दिया।
28 मार्च को वह रुपये निकालने पहुंची तो खाते में रकम न होने के कारण निकासी नहीं हुई। बैंक पहुंचने पर मैनेजर ने खाते की डिटेल चेक कर 3.50 लाख रुपये की निकासी होने की जानकारी दी। उन्होंने बड़हलगंज थाने पहुंचकर एसओ को तहरीर दी लेकिन उन्होंने क्राइम ब्रांच भेज दिया। साइबर सेल ने छानबीन कर एक सप्ताह में सीसीटीवी का रिकार्ड निकाल जालसाज की फोटो महिला को दे दी लेकिन मुकदमा दर्ज न होने के कारण कार्रवाई से इंकार कर दिया।