सलेमपुर में भाजपा नेता से एक लाख की रंगदारी मांगने और न देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। फोन करने वाला सीवान (बिहार) जेल में बंद इलाके का एक बदमाश बताया जा रहा है। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं धमकी मिलने के बाद इसका पूरा परिवार दहशत में है।
नगर के इचौना पश्चिमी निवासी भाजपा नेता त्रिपुणायक विश्वकर्मा का मगहरा में पेट्रोल पंप है। बृहस्पतिवार को दोपहर में वह पेट्रोल पंप से वापस घर लौट रहे थे। अपराह्न करीब एक बजे मोबाइल की घंटी बजी।
फोन करने वाले ने खुद को सीवान जेल में बंद खुखुंदू थाना क्षेत्र निवासी बदमाश बताते हुए एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। एक सप्ताह में रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी मिलने के बाद परेशान भाजपा नेता ने इसकी शिकायत सलेमपुर कोतवाली पुलिस से की। इसके बाद पुलिस सर्विलांस के सहारे जिस मोबाइल नंबर से धमकी मिली है, उसकी जांच में जुट गई है।
भाजपा नेता ने जेल में बंद जिस बदमाश पर धमकी देने का आरोप लगाया है वह करीब आठ माह पूर्व गुठनी थाना क्षेत्र के सेलउर चट्टी पर लाइसेंसी देशी शराब की दुकान से लूट करने और उप मुखिया को गोली मारने के आरोप में पकड़ा गया था। वहीं इसके दो साथी भागने में सफल रहे। इन दिनों वह सिवान जेल में बंद है। इस बाबत इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मोबाइल नंबर को ट्रेस किया जा रहा है।