जगदीशपुर। कैंट थानाक्षेत्र के गोकुलपुरम मोहल्ले में बुधवार को युवक का शव कमरे की छत से लगाए फंदे से लटका मिला। मोहल्ले के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव को कब्जे में ले लिया।
बिहार के गोपालगंज निवासी विपेंद्र सिंह गोकुलपुरम मोहल्ले में मकान बनवाकर रहते हैं। विपेंद्र विश्वविद्यालय गेट पर कॉपियां और किताबें बेचते हैं। विपेंद्र सिंह के साथ उनका बेटा विश्वजीत सिंह (22) भी रहकर ट्यूशन पढ़ाता था। कुछ दिन पहले दोनों शादी समारोह में शामिल होने अपने गांव गए थे।
दो दिन पूर्व विश्वजीत अकेले गोरखपुर स्थित मकान पर चला आया। बुधवार सुबह देर तक घर में कोई हलचल नहीं होता देख पड़ोसी गए तो युवक का शव कमरे में देखा। शाम पांच बजे बिहार से परिवार के लोगों के आने के बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। परिवार के लोग पुलिस को आत्महत्या का कारण नहीं बता पाए।