गोरखपुर। होटल प्रेसीडेंट में ठहरे व्यापारी पीयूष रूंगटा के बड़े भाई वैभव ने पुलिस को बयान दर्ज करा दिया है। उनका कहना है कि 29 दिसंबर की रात आठ बजे भाई नेे फोन कर 20 लाख रुपये कर्ज में डूबे होने की जानकारी दी थी।
वैभव के मुताबिक पीयूष उस रात काफी परेशान था। भाई के बयान के बाद पुलिस की जांच अब आत्महत्या की ओर मुड़ गई है।
देवरिया के मूल निवासी पीयूष रूंगटा कपड़े का कारोबार करते थे। 25 दिसंबर को गोरखपुर आने के बाद वह होटल प्रेसीडेंट में ठहरे थे। 29 दिसंबर की रात उनकी मौत हो गई। होटल प्रबंधन ने बताया कि वह एक युवती के साथ आए थे।
उसे उन्होंने अपनी पत्नी बताया था। होटल के रजिस्टर में अदिति मल्ल के नाम से उनकी इंट्री थीं। कुछ देर तक होटल में रुकने के बाद पत्नी चली गई थीं। इसके बाद 26 व 27 दिसंबर को वह दिन में व्यापारी से मिलने आई थीं। 29 दिसंबर की रात 11 बजे के आसपास उन्होंने तबीयत खराब होने की जानकारी दी और फिर मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट आने पर पुलिस ने चौकी इंचार्ज की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।