चौकी इंचार्ज से हाथापाई करने वाले बड़हलगंज के कोल्हुआ गांव के प्रधान के पति सुभाष तिवारी और उनके भाई संतोष तिवारी की पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोल दी है। चोरी के ट्रक और गैर कानूनी धंधों में शामिल होने, मऊ और आसपास के जिलों में आपराधिक इतिहास मिलने पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने कार्रवाई की। हत्या के प्रयास के मामले में सुभाष तिवारी जेल में बंद है।
छह सितंबर को बड़हलगंज के अंबेडकर नगर चौकी प्रभारी मनोज राय से जाम हटाने के दौरान सुभाष तिवारी ने विवाद किया था। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हो गई थी। एसएसपी के पहुंचने पर दरोगा ने उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद चौकी इंचार्ज की तहरीर पर सुभाष तिवारी समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। छापेमारी में सुभाष तिवारी के घर से 20 ट्रकों के पुर्जे बरामद हुए। कुछ ट्राली और ट्रक भी खड़े मिले। कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने वाहनों को जब्त कर लिया था। वहीं गांव के हरीश तिवारी के सुभाष पर जानलेवा हमले का आरोप लगाने पर पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बड़हलगंज थाने में सुभाष तिवारी और उनके भाई संतोष तिवारी पर चार केस दर्ज हैं। उनकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए एसओ ने एसएसपी को रिपोर्ट दी। इसके बाद दोनों बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई।