बदमाशों ने बड़हलगंज के एक गल्ला व्यापारी से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगी है। दो दिन के भीतर रकम न देने पर लखनऊ में पढ़ाई करने वाले भाई की हत्या की धमकी दी है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। बदमाश ने रंगदारी के लिए बुधवार की शाम फोन किया था।
बड़हलगंज प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के रहने वाले अमित गुप्ता गल्ला के थोक व्यापारी हैं। हाइवे पर उनकी दुकान है। उनके पास तेल और घी की एजेंसी भी है। बुधवार की शाम सात बजे उनके मोबाइल पर 8115697022 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने नाम पूछने के बाद अमित से दो दिन में 20 लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा। रुपये न मिलने पर लखनऊ में पढ़ाई करने वाले छोटे भाई गौरव की गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। फोन करने वाले ने यह भी कहा कि रुपये कहां और किसको देने हैं, इसकी जानकारी दे दी जाएगी। अमित के नाम पूछने पर उसने फोन काट दिया।
घटना की जानकारी आसपास के दुकानदारों को देने के बाद अमित ने बृहस्पतिवार की सुबह बड़हलगंज थाने में तहरीर दी। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर बड़हलगंज पुलिस और क्राइम ब्रांच छानबीन कर रही है। एसपी ग्रामीण ब्रजेश सिंह ने बताया कि सर्विलांस की मदद से रंगदारी मांगने वाले के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। रंगदारी के लिए फोन आने के बाद व्यापारी का परिवार सहम गया है। ऐहतियातन दुकान और घर की सुरक्षा में सादे लिबास में सिपाही लगाए गए हैं।