कोर्ट के आदेश पर फरार गैंगेस्टर दीपचंद निषाद के घर की कुर्की खोराबार पुलिस ने की है। दीपचंद फरार हिस्ट्रीशीटर नंगा निषाद का बेटा है। पूर्व थानेदार पर जानलेवा हमले में वह आरोपी है। खोराबार पुलिस ने वर्ष 2012 में बदमाश दीपचंद के ऊपर गैंगेस्टर की कार्रवाई की थी। तभी से वह फरार चल रहा है। कोर्ट ने उसकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश था।
खोराबार का रहने वाला नंगा निषाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है। लकड़ी तस्करी, अवैध शराब की बिक्री से लेकर गैर कानूनी काम में नंगा निषाद और उसके परिवार का नाम जुड़ता रहा है। उसके बेटे दयाशंकर निषाद को इसी कारण पुलिस महकमे से बर्खास्त किया गया था। पांच वर्ष पहले एक मामले में पुलिस टीम नंगा निषाद के घर दबिश देने गई थी। इस दौरान थानेदार को मयफोर्स नंगा निषाद, दीपचंद, दयाशंकर और दिलीप ने बंधक बना लिया और सभी की बेरहमी से पिटाई की।
घटना में घायल थानेदार कोमा में चले गए और कई पुलिसकर्मियों के हाथपैर टूट गए थे। आरोपी कई मामलों में फरार चल रहे हैं। फरार गैंगेस्टर दीपचंद की संपत्ति कुर्क करने का आदेश कोर्ट ने दिया। इंस्पेक्टर गिरजेश तिवारी ने बताया कि कई मुकदमे दीपचंद पर दर्ज हैं, उसके परिवार का लंबा आपराधिक रिकार्ड है।