गोरखपुर। तिवारीपुर के सिधारीपुर में अलमारी के धंधे की आड़ में अवैध बूचड़खाना चल रहा था। जानकारी के बाद शनिवार की शाम तिवारीपुर पुलिस ने छापा मारा तो मांस, चाकू, बाट आदि बरामद हुआ। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। धंधे का सरगना फरार है।
सिधारीपुर निवासी भोनू के मकान में पहले बूचड़खाना चलता था। अवैध होने पर पुलिस ने सख्ती की तो वह अलमारी का कारोबार करने लगा। इस बीच पुलिस को सूचना मिली की अलमारी के धंधे की आड़ में फिर मीट का कारोबार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर शनिवार की शाम पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से असकरगंज निवासी सरफराज उर्फ मोनू, रसूलपुर सिधारीपुर निवासी जमील उर्फ गुड्डू तथा इलाहीबाग निवासी तनवीर उर्फ राजू अहमद को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी भोनू अभी फरार है।