भटहट के बड़हरिया टोले में चल रहे अवैध बूचड़खाने को पुलिस ने बुधवार को बंद करा दिया। पीएसी और भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे एसएसपी आरपी पांडेय ने बूचड़खाने में बंद आठ पशुओं को मुक्त कराया और एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार की रात अवैध तरीके से पशु काटने को लेकर हुए विवाद के बाद बूचड़खाना बंद कराने पहुंची पुलिस पर कुछ लोगों ने धावा बोल दिया था। उग्र हमलावरों ने पुलिस की जीप भी क्षतिग्रस्त कर दी थी। खुद के बचाव के लिए पुलिस को भागना पड़ा था। आरोप है कि पुलिस के हत्थे चढ़े एक आरोपी को भी हमलावर छुड़ा ले गए थे। इसके बाद हरकत में आए पुलिस अफसरों ने रात में ही दबिश डाली थी। बुधवार को एसएसपी आरपी पांडेय खुद पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए और गांव में चल रहे बूचड़खाने को बंद करा दिया। अवैध रूप से कटान के लिए रखे गए आठ पशुओं को भी मुक्त कराया। इसी दौरान सुबराती नामक शख्स उन पशुओं को पकड़ने लगा, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उधर, गांव में एहतियातन पीएसी तैनात कर दी गई है। एसएसपी ने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध बूचड़खाने नहीं चलने दिए जाएंगे। इसके लिए पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
नौ नामजद समेत 50 अज्ञात पर केस दर्ज
पुलिस टीम पर पथराव कर जीप को क्षतिग्रस्त करने वालों पर केस दर्ज हो गया है। पुलिस ने नौ नामजद समेत 50 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने, 7 सीएलए जैसी संगीन धाराओं में कार्रवाई की है। पुलिस ने गांव के जमील, शकील, गुलजार, मुन्ना बाले, इकबाल, अंसार, मोलहे, शफीक, इजहार समेत 50 अज्ञात की तलाश कर रही है।
पहले भी पुलिस ने की थी कार्रवाई
बड़हरिया टोले में लंबे समय से पशु कटान होता था। शिकायत पर पुलिस ने पहले भी कार्रवाई की थी। इस बीच तीन-चार दिनों से जगह बदलकर एक बार फिर कटान शुरू हो गया था, जिसे लेकर मंगलवार को बवाल हो गया था।
अवैध बूचड़खाना नहीं चलने दिया जाएगा। पुलिस ने कार्रवाई कर इसे बंद करा दिया है। पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है। उनके खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी।
- आरपी पांडेय, एसएसपी