फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होटल मेें देवरिया के व्यापारी की हत्या

Sun, 31 Dec 2017 01:15 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
व्यापारी पीयूष रूंगटा की फाइल फोटो। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
गोलघर स्थित प्रेसीडेंट होटल के कमरे में देवरिया के कपड़ा व्यापारी पीयूष रूंगटा (24) की शुक्रवार देररात हत्या कर दी गई। शनिवार को पीयूष का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीयूष के सिर पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। इसकी वजह से वह कोमा में चले गए और मौत हो गई। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। आशंका है कि व्यापारी को जहरीला पदार्थ भी दिया गया था। देवरिया के व्यापारी गुजरात के सूरत में रहकर व्यापार करते थे। कैंट पुलिस ने होटल के कमरे से एक कथित सुसाइड नोट, जहरीला पदार्थ बरामद करने का दावा किया है। होटल का कमरा नंबर 104 सील कर दिया गया है। खुदकुशी का दावा करने वाली कैंट पुलिस ने देर शाम एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के हस्तक्षेप के बाद अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन


देवरिया के सदर कोतवाली के वार्ड नंबर 18 के मोहनलाल रोड के मूल निवासी पीयूष रूंगटा पुत्र शिव कुमार गुजरात के सूरत में रहकर बड़े भाई वैभव रूंगटा के साथ कपड़े का व्यापार करते थे। 25 दिसंबर को वह गोरखपुर पहुंचे और प्रेसीडेंट होटल का कमरा नंबर 104 बुक कराया। व्यापारी के साथ अदिति मल्ल नाम की युवती भी थी, जिसका परिचय व्यापारी ने अपनी पत्नी के रूप में दिया था। होटल में दोनों दो दिन साथ रहे, फिर अदिति चली गई। शुक्रवार की रात 11 बजे के आसपास पीयूष ने होटल के रिसेप्शन पर फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी। होटल प्रबंधन ने यूपी 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी, फिर एंबुलेंस बुलाकर व्यापारी को देररात मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कैंट पुलिस ने होटल के कमरे की छानबीन की और दावा किया कि जहरीले पदार्थ के साथ एक चिट्ठी भी मिली है। चिट्ठी के मुताबिक पीयूष व्यापार में घाटे और कर्ज से परेशान थे। इसलिए जान दिया होगा।

बहरहाल, पूरा मामला एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के संज्ञान में आया। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में व्यापारी के सिर पर चोट लगने की बात सामने आई। इसे आधार बनाकर ही एसएसपी ने कैंट पुलिस को हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर शनिवार को देररात मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया। पुलिस अब अदिति की तलाश कर रही है। उसका आधार कार्ड भी बरामद किया गया है। वह शाहपुर क्षेत्र में जंगल तिनकोनिया नंबर एक की रहने वाली बताई जा रही है। इंस्पेक्टर कैंट मनोज पाठक ने बताया कि व्यापारी के मौत की सूचना उनके बड़े भाई वैभव को मोबाइल फोन पर दे दी गई है। 
विज्ञापन


शादी के प्रमाण पत्र मिलने का दावा 
पुलिसिया थ्योरी के मुताबिक होटल के कमरे में अदिति और पीयूष के शादी का प्रमाण पत्र मिले हैं। दोनों ने 23 जून 2015 को सूरत के जगरनाथ महादेव मंदिर में शादी की थी। रजिस्ट्रार के  पास जाकर 25 जून 2015 को शादी का रजिस्ट्रेशन कराया। हालांकि पीयूष की मौत की सूचना मिलने पर देवरिया से आए उनके बड़े पिता पवन कुमार रूंगटा ने शादी से साफ इंकार किया। उन्होंने कहा कि पीयूष की शादी की जानकारी नहीं है। ऐसा होता तो हमें जानकारी जरूर दी जाती।  

गुजरात पुलिस कमिश्नर के नाम पत्र मिलने का दावा
व्यापारी की मौत के बाद कैंट पुलिस ने गुजरात के पुलिस कमिश्नर के नाम लिखा गया एक पत्र भी बरामद करने का दावा किया। इसमें कहा गया कि व्यापारी ने कर्ज की रकम लौटाने के लिए कुछ मोहलत मांगी थी लेकिन कोई राहत नहीं मिल सकी।

पोस्टमार्टम में सिर पर चोट लगने की पुष्टि हुई है। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। होटल का कमरा सील है, कमरे से मिले सोसाइड नोट की जांच कराई जाएगी। 
- सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी 

24 घंटे एसएसपी को भी बरगलाती रही कैंट पुलिस 
कपड़ा व्यापारी पीयूष रूंगटा की होटल में हत्या के मामले में कैंट पुलिस एसएसपी को भी बरगलाती रही। शनिवार शाम तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बावजूद कैंट पुलिस व्यापारी द्वारा खुदकुशी किए जाने का ही दावा करती रही। लेकिन शनिवार की रात पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भनक लगते ही एसएसपी खुद थाने पहुंच गए और खुद अवलोकन किया। सिर में चोट की पुष्टि होते ही एसएसपी ने चौकी इंचार्ज की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज करा दिया। होटल में जहर की शीशी, कथित सुसाइड नोट और मैरेज सर्टिफिकेट का हवाल देकर कैंट पुलिस खुदकुशी किए जाने का दावा करती रही। पुलिस की दलील थी कि होटल में साथ रहने वाली अदिति उसकी ही पत्नी थी और वह पुलिस का सहयोग कर रही है। जबकि जब एसएसपी ने अदिति से बात कर बयान लेना चाहता तो वह आने को ही नहीं तैयार हुई और बाद में वह फरार हो गई। पुलिस अब उससे संपर्क कर बयान दर्ज करने की कोशिश में लगी है। एसएसपी ने खुद ही कथित सोसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद पड़ताल शुरू कर दी है।

सीसीटीवी कैमरे को खंगाला
होटल में दाखिल होने के दौरान आए फोटो के आधार पर भी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने होटल में लगे सीसी टीवी कैमरे को भी खंगाला है। पुलिस को कई तस्वीरें मिली हैं। 

बड़े पिता ने भी शादी से इंकार किया 
देवरिया में रहने वाले मृतक के बड़े पिता ने भी शादी से इंकार किया। बड़े पिता के मुताबिक पीयूष के साथ ठहरी युवती को घर परिवार में कोई नहीं जानता हैं। भाई भी मौत की खबर पाकर सूरत से गोरखपुर के लिए चल दिए हैं।

सरयू तट पर होगा अंतिम संस्कार
चचेरे भाई रवि कुमार ने बताया कि शव घर पर आ गया है। रविवार को सरयू तट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के लोग भी अभी आ रहे हैं। पीयूष एक महीने पहले बाबा के निधन होने पर देवरिया आया था। 

लेटर की राइटिंग भी अलग-अलग
तीन पन्ने के कथित सोसाइड नोट की राइटिंग भी अलग-अलग है। लेकिन एक पन्ने की राइटिंग और होटल के रजिस्टर की राइटिंग का मिलान हुआ है। प्रथम दृष्टया मिलान होने के बाद पुलिस ने कैमरे से तस्वीर तलाशना शुरू की है। 
विज्ञापन

...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें