झंगहा पुलिस ने शातिर लुटेरे हरिओम उर्फ नाटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके पास से लूट की एक बाइक भी बरामद हुई है, जबकि दो बाइक के पार्ट्स मिले हैं। हरिओम ने बताया कि वह बाइक लूट या चोरी कर बिहार में बेचा करता था, जो गाड़ियां नहीं बिक पाती थीं, उनके पार्ट्स बेच देता था। एसपी नार्थ गणेश साहा ने बताया कि झंगहा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वाहन चेकिंग शुरू की तो दुबियारी पुल के पास बाइक से हरिओम आता दिखाई दिया। रोकने की कोशिश करने पर वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उस पर कई थानों में 12 से ज्यादे मुकदमे दर्ज हैं।
चोरी के छह मोबाइल फोन के साथ तीन गिरफ्तार
कैंट पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड पर तीन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर कैंट मनोज पाठक ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली थी कि सरदार ढाबे के पास मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य घूम रहे हैं। रेलवे चौकी प्रभारी अखिलेश यादव, आजाद चौकी प्रभारी कैसर खां ने घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहपुर के पीएसी बिछिया कैंप निवासी नितेश शर्मा, बेतियाहाता दक्षिणी निवासी आशु चौहान व मिथिलेश चौहान के रूप में हुई।