गोरखपुर। जमीन बेचने के लिए प्रापर्टी डीलर से मिलकर बेटे को फंसाने की साजिश का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मां समेत चार प्रापर्टी डीलर को गिरफ्तार कर जेल भेजा। उधर, निर्दोष साबित होने के बाद बेटे ने पुलिस का आभार जताया है।
एसपी सिटी विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइंस में मीडिया को बताया कि चिलुआताल के मिर्जापुर निवासी सरवन की जमीन है। सरवन उसे बेचने की तैयारी में था। उधर, उसकी मां भी उस जमीन को बेचना चाहती थी। मां ने बेटे को संपत्ति से बेदखल करने के लिए बहन के पति से संपर्क किया और फिर उनकी मदद से प्रापर्टी डीलरों तक पहुंची। प्रापर्टी डीलर ने सरवन को फंसाने के लिए एक तमंचा भी उपलब्ध कराया। इसके बाद इस बारे में शाहपुर पुलिस को जानकारी दे दी। पुलिस ने सरवन को पकड़ लिया। हालांकि वह बार-बार खुद को फंसाने की दुहाई देता रहा। इस प्रकरण में जांच की जिम्मेदारी सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह को दी गई। इसमें सच सामने आ गया।
पुलिस ने आरोपी मां सुमित्रा देवी, शताब्दीपुरम देशराज, राप्तीनगर फेज 4 निवासी जितेंद्र पाठक, जंगलधूसड़ निवासी जनार्दन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि विश्वजीत और शिव शुक्ला फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है।
पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी साजिश
खोराबार में भी इस तरह का मामला सामने आ चुका है। तब आरोपी ने अपने सगे भाई को फंसाने के लिए पुलिस के मुखबिर से संपर्क किया था। उसने भाई के घर की छत पर कार्बाइन रखवाकर पुलिस को सूचना दे दी थी। बाद में जांच में सच सामने आने पर आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया।