गोरखपुर।
छात्रनेता सौरभ पांडेय हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुनील यादव को मंगलवार को कैंट पुलिस ने छात्रसंघ चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। सुनील के पास से हत्या में इस्तेमाल हुई बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है। हत्याकांड के चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
'
सिविल लाइंस में एसएसपी आवास के करीब छात्रनेता सौरभ पांडेय की पांच फरवरी 2017 की रात में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना एक स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। छात्रनेता के भाई ने फुटेज से बदमाशों की शिनाख्त की थी। उनकी तहरीर पर विक्की यादव, उसके भाई सुनील यादव, वैभव, महेंद्र यादव और छोटू के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस का दबाव बढ़ने पर विक्की और वैभव ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। अनिल और महेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोर्ट के आदेश पर कैंट पुलिस ने सुनील यादव के घर की कुर्की की थी। सूत्रों के मुताबिक सुनील भी कोर्ट में सरेंडर की तैयारी में था, लेकिन इसके पहले ही मंगलवार को कैंट पुलिस ने छात्रसंघ चौराहे के पास से बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।