गोरखपुर। सिकरीगंज के बारीगांव से अपहृत सातवीं के छात्र आदर्श (12) की हत्या की जांच में क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। सोमवार को आदर्श की लाश खेत में मिली थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू तो बरामद कर लिया है, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
जयप्रकाश सिंह के पुत्र आदर्श का चार अक्तूबर को अपहरण हुआ था। इसी बीच सोमवार को खेत से उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। पुलिस रिश्तेदारी में गांव में आए मनीष की तलाश में है। आशंका जताई जा रही है कि उसी ने आदर्श की हत्या की है। पुलिस की छानबीन में मनीष के कमरे से आदर्श का स्कूल बैग, शर्ट, चाकू और ताबीज मिली थी। एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।