सहजनवां के एचडीएफसी बैंक में रुपये जमा करने आए व्यापारी के चालक को जालसाज ने कागज की गड्डी थमाकर 1.60 लाख रुपये उड़ा दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक और बाहर एक दुकान में लगे सीसी कैमरे की मदद से जालसाज की पहचान कर तलाश में लगी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
सहजनवां कस्बे के वार्ड नंबर चार केशोपुर निवासी देवकी नंदन कनोडिया ने मकान में नवीन टैक्स टाइल्स सेंटर नाम से कपड़े की दुकान खोली है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे देवकी नंदन ने ड्राइवर सूरज कुमार को 1.60 लाख रुपये देकर एचडीएफसी बैंक में जमा करने के लिए भेजा। सूरज बैंक में रकम जमा करने के लिए काउंटर पर लगी लाइन में खड़ा था। इसी बीच एक उचक्के ने इशारा कर बैंक के बाहर बुलाया और गिरे रुपये मिलने की बात कही।
जालसाज ने कहा कि दो लाख रुपये हैं पर खाता नहीं है। उसके पास जो रकम है उसे देकर देकर दो लाख ले लो। सूरज उसके बहकावे में आ गया और उसने अपने पास रखे रुपये दे दिए। इसके बाद जालसाज ने रुमाल में लपेटी हुई कागज की गड्डी थमा दी। बैंक में आकर सूरज ने रुमाल खोल कर देखा तो 500 रुपये की नोट ऊपर रखने के बाद नीचे कागज की गड्डी थी। वह भाग कर बैंक के बाहर पहुंचा तो जालसाज फरार हो चुका था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ के बाद बैंक में लगे सीसी फुटेज की जांच की। पुलिस का दावा है कि जालसाज की पहचान कर ली गई है।