सिद्धार्थनगर। एक शरारती द्वारा एक राजनीतिक दल से जुड़ी जिला स्तरीय महिला पदाधिकारी से व्हाट्सएप के वीडियो कॉल कर और मैसेज भेजकर अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में रविवार को एसपी को तहरीर दी है। एसपी ने केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है।
सदर थाना क्षेत्र निवासी और एक राजनीतिक दल की महिला नेत्री ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि शनिवार से उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्स एप पर मैसेज और वीडियो कॉल आ रहीं हैं। वीडियो कॉल में अश्लील इशारे और अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। फोन करने वाला न नाम बता रहा है और न ही कुछ और जानकारी दे रहा है।
पिछले 24 घंटे में 10 बार से अधिक बार कॉल आ चुकी है। इस हरकत से पूरा परिवार भयभीत है। व्हाट्सएप पर उनकी एक महिला सहकर्मी की फोटो भी पोस्ट की जा रही है। मामले की सूचना 1090 पर भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी डॉ.धर्मबीर सिंह ने कहा मामले की जांच की जा रही है। नंबर को सर्विलांस पर लगाकर ट्रेस कराया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।