गोरखपुर। बृहस्पतिवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। खोराबार इलाके में बच्ची की अपनी ही स्कूली बस की चपेट में आकर मौत हो गई। वहीं एक अन्य हादसे में चार व्यक्ति घायल हो गए। इसके अलावा सहजनवां इलाके में एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में छह बाराती घायल हो गए।
खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार अकोलही निवासी कन्हैयालाल यादव की चार वर्षीय बेटी करूना बृहस्पतिवार को केवटलिया के एलवीएस नर्सरी स्कूल में पढ़ने गई थी। दोपहर में वह स्कूली बस से अन्य बच्चों के साथ गांव के पास सड़क पर उतरी। बच्चों को उतारकर चालक बस मोड़ रहा था कि करूना उसकी चपेट में आ गई। घरवाले उसे लेकर पीएचसी खोराबार पहुंचे, जहां करूना ने दम तोड़ दिया। करूना का एडमिशन पिछले महीने अप्रैल में ही नर्सरी में हुआ था। उसके पिता बंगलौर में रहकर पेंट पालिश का काम करते हैं। करूना दो बहनों में बड़ी थी। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
कुस्मही प्रतिनिधि के अनुसार दोपहर करीब दो बजे कुशीनगर की ओर से आ रही कार फोरलेन पर रघुनाथपुर के पास एक टैंकर से टकरा गई। हादसे में बिहार के मोतिहारी, इजरा निवासी अरूण कुमार मिश्रा(50), पहाड़पुर निवासी संजय प्रसाद(37), पिपरा गोविंद निवासी शशिशरण शुक्ला(62) और उदय शंकर तिवारी(65) गंभीर रूप से घायल हो गए। पीएचसी खोराबार से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह 9 बजे के करीब संतकबीरनगर के चकिया से विदाई का सामना लेकर आ रही पिकअप भीटीरावत के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार आशुतोष, विनय, आदित्य यादव और गोविंद सहित छह लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरटेक करने के चक्कर में पिकअप पलट गया। सभी घायल गुलरिहा के खुटहन के रहने वाले हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, भटहट के मीरापुर निवासी वर्मानंद (30) अपने मामा हरपुर बुदहट निवासी भालचंद के यहां जा रहा था। सहजनवां के पास उसकी बाइक एक दूसरी बाइक से टकरा गई।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।