चौरीचौरा थानाक्षेत्र के बाल बुजुर्ग गांव के ओमनगर कालोनी में रविवार की रात एक मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी, गहने समेत करीब पांच लाख का सामान उठा ले गए। पड़ोसियों ने सुबह ताला टूटा देखकर मकान मालिक को सूचना दी। सूचना पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने पड़ताल के बाद चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं डुमरी खुर्द चौराहे पर किराने की दुकान में भी चोरी हुई है।
सोनबरसा बुजुर्ग गांव के गिरिजेश सिंह का ओमनगर कालोनी में मकान है, जिसमें उनके छोटे भाई अमरेश सिंह की पत्नी और बच्चे रहते हैं। अमरेश विदेश में नौकरी करते हैं। शनिवार को रामनवमी का पूजा करने के बाद अमरेश की पत्नी मकान में ताला लगाकर बच्चों के साथ पैतृक मकान सोनबरसा बुजुर्ग चली गई थीं। रविवार की रात ताला तोड़कर घर में घुसे चोर ने 30 हजार नकदी समेत, मंगलसूत्र, एक हार, चेन, आठ अंगूठियां, पांच सेट कान के झुमके समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान उठा ले गए। चोरी की जानकारी सोमवार की सुबह उस वक्त हुई, जब पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देखा। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी अमरेश की पत्नी को दी। फिर पुलिस को जानकारी दी गई। अमरेश के भाई ने गिरजेश ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस चोरों का सुराग लगा रही है।
वहीं इसी इलाके के डुमरी खुर्द चौराहे पर शंभूनाथ गुप्ता के किराना की दुकान में रविवार की रात चोर कैश बॉक्स में तोड़कर 1500 नकद और अन्य सामान उड़ा लिया। सुबह दुकान पर पहुंचने पर शंभूनाथ को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को चोरी की सूचना दे दी है।